बीकानेर: बाली उम्र का प्यार चढ़ा परवान पर, घर वालों को पता लगा तो छीन ली मुस्कान
बीकानेर अबतक. 04 अप्रैल
बीकानेर। चाहे लाख पहरे बैठा लें, प्यार करने वाले पंछियों को कैद नहीं किया जा सकता। कुछ ऐसा ही मामला बीकानेर संभाग के चूरू जिले और नागौर जिले में सामने आया है। कुचामन सिटी की एक युवती को चूरू जिले के सरदारशहर के युवक के साथ प्यार हो गया। परिजनों ने दोनों के रिश्ते को ठुकरा दिया तो लडक़ी घर से भागकर प्रेमी के पास आ गई। अब वह अपने प्रेमी के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही है, लेकिन लडक़ी के घरवालों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। इस पर वह सुरक्षा की मांग को लेकर चूरू पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। कुचामन की तानिया ने मीडिया को बताया कि करीब 3 साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी सरदारशहर के मोहम्मद रहीम से जान पहचान हुई थी। दोनों बाद में वीडियो कॉल कर बातचीत करने लगे और प्यार परवान चढऩे लगा।
तानिया ने मोहम्मद रहीम से अपने संबंधों के बारे में घरवालों को बता दिया था, लेकिन घरवालों ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया। बकौल तानिया दोनों की जाति अलग-अलग होने की वजह से परिजनों ने शादी के लिए मना किया था। उसके बाद परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। ईद के तीन दिन बाद 16 अप्रेल को उसकी शादी भी तय कर दी। इसलिये तीन दिन पहले वह घर से निकल गई और सीकर आ गई। उसने बताया कि सीकर में रहीम पहले से ही उसका इंतजार कर रहा था। वहां से दोनों चूरू गए और एक होटल में रुके। अब उन्होंने लिव इन के दस्तावेज बनवाये हैं। तानिया का कहना है कि उसे घरवालों ने धमकी दी है कि अगर वह घर वापस आ गई तो जान से मार देंगे। तानिया 12वीं तक पढ़ी लिखी है। रहीम 10वीं तक पढ़ा है। दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और साथ ही रहना चाहते है।

हमारे वाट्सएप ग्रुप से जुडऩे के लिए लिंक करें

https://chat.whatsapp.com/CVZnNJvhvb2Kn0eJnaWKsm