बीकानेर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को सादुल क्लब बीकानेर में आयोजित वार्षिक स्पोर्ट्स वीक-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 20 जनवरी से 26 जनवरी तक चले इस खेल आयोजन में क्लब के 150 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेलकूद प्रभारी राजेश मुंजाल एवं वीरेन्द्र सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पोर्ट्स वीक के दौरान बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट, बिलियर्ड्स, स्नूकर एवं टेनिस जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्पोर्ट्स वीक का समापन समारोह 26 जनवरी को सादुल क्लब परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में क्लब अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़, सचिव एम. पी. सिंह सोईन, उपाध्यक्ष सुरेश दफ़्तरी, सहसचिव विजेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश आहुजा सहित दलीप सिंह राघव, डॉ. आनंद बिनानी, जगदीश चौधरी, कुलदीप शर्मा, संजय कटारिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सादुल क्लब मोबाइल एप का भी लोकार्पण किया गया, जिससे अब क्लब के सदस्यों को क्लब से संबंधित सभी सूचनाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
बैडमिंटन में भानु प्रताप सिंह व सी. पी. सिंह विजेता रहे, जबकि सलमान खान व अक्षय डागा उपविजेता बने।
टेनिस में संजय माथुर व मनीष सेठिया ने विजेता का खिताब जीता तथा अरविंद सिंह व रमेश देदर उपविजेता रहे।
टेबल टेनिस एकल में रणविजय सिंह राठौड़ विजेता और भुवनेश्वरी राठौड़ उपविजेता रहीं।
टेबल टेनिस युगल में रणविजय सिंह व जितेंद्र व्यास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामसिंह सेंगर व वीरेंद्र सिंह द्वितीय रहे।
बिलियर्ड्स में विजय जैन विजेता एवं राकेश कल्ला उपविजेता रहे।
स्नूकर प्रतियोगिता में योगेश मित्तल ने प्रथम तथा रोहन चावला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
क्रिकेट फाइनल मुकाबले में रोमांचक संघर्ष के बाद सी. पी. सिंह की टीम ने अरविंद सिंह की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। क्रिकेट में अरविंद सिंह को बेस्ट बैट्समैन, डॉ. हेमन्त जैन को बेस्ट बॉलर तथा सी. पी. सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। क्लब सचिव एम. पी. सिंह सोईन ने पूरे स्पोर्ट्स वीक के सफल आयोजन के लिए खेलकूद प्रभारी राजेश मुंजाल, वीरेन्द्र सिंह राठौड़ एवं आयोजन समिति सदस्य रणधीर सिंह और संजीव कुक्कड़ का आभार व्यक्त किया।
