

ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटी, 40 डूबे, 22 की मौत
न्यूज नेटवर्क कासगंज (यूपी). 24 फरवरी
उत्तर प्रदेश के कासगंज में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटने से अब तक 22 लोगों की मौत हो गई। ट्रॉली में 40 लोग सवार थे। फिलहाल, मौके पर बुलडोजर से रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एटा के जैथरा के रहने वाले हैं। मृतकों में 13 महिलाएं और आठ बच्चे शामिल। मृतक एटा के गांव कसापूर्वी के है।
माघी पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए एटा के जैथरा थाना के गांव कसा पूर्वी के करीब 40 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसमें महिला और बच्चों की संख्या भी काफी थी। बताया गया है कि सुबह कासगंज के दरयाबगंज के समीप पहुंचे तो तेजगति से जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली की कपलिंग अचानक टूट गई और वह बेकाबू होकर पास के तालाब में पलट गई। समाचार लिखे जाने तक 22 लोगों के शवों को बाहर निकाला जा चुका था।