

लापरवाही: नसबंदी के दौरान महिला की बड़ी आंत काट देने से हुई मौत
बीकानेर अबतक. 24 फरवरी
बीकानेर। बीकानेर जिले में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां नसबन्दी ऑपरेशन के दौरान महिला की बड़ी आंत के काट देने से उसकी मौत हो गई। दरअसल, मामला बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ से जुड़ा हुआ है। मृतका के परिजनों ने चिकित्सक व अस्पताल स्टॉफ पर इस प्रकार का गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, यह मामला इस्तगासे के जरिए पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। इस्तगासे के मुताबिक श्रीडूंगरगढ़ के लिखमीसर दिखणादा गांव के निवासी नौरंगदास स्वामी ने सरकारी अस्पताल में अपनी पत्नी भगवती देवी का 29 दिसबंर 2023 को ऑपरेशन करवाया था। ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे वापस अस्पताल में दिखाया गया। जहां डॉक्टर्स ने सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं किया तो बीकानेर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीडूंगरगढ़ के सर्जन व एफआरएचएस टीम के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। मामले में बताया गया कि महिला को एक पुत्र व एक पुत्री है में अंतिम प्रसव करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। उसकी पत्नी शारीरिक रूप से स्वस्थ थी और नसबंदी ऑपरेशन से पूर्व टीम ने जांच रिपोर्ट में उसे ऑपरेशन के लिए पूरी तरह फिट पाया था। इसके बाद ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के चार दिन बाद अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो उसे लेकर सीएचसी श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। पीडि़त ने आरोप लगाया कि यहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए भर्ती करने से मना कर दिया। इस पर बीकानेर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप लगाया गया है कि नसबंदी ऑपरेशन के दौरान लापरवाही में महिला की पेट की बड़ी आंत कट गई जिससे उसके शरीर में अत्यधिक इंफेक्शन हो गया। आरोप है कि समय पर इलाज नहीं करने के कारण ये बीमारी जानलेवा साबित हुई।