बीकानेर। शहर के प्रमुख हरित स्थल रतन बिहारी पार्क के सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास को लेकर “रतन बिहारी उद्यान पर्यावरण विकास समिति” ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समिति के अध्यक्ष प्रतापसिंह बड़गुजर और सचिव अजय भटनागर ने बताया कि रतन बिहारी पार्क बीकानेर के ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य का महत्वपूर्ण प्रतीक है, मगर लंबे समय से रखरखाव के अभाव में इसकी रौनक फीकी पड़ गई है।
ज्ञापन में कई अहम सुझाव दिए गए, जिनमें शामिल हैं:
- पार्क में नियमित सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना।
- क्षतिग्रस्त रास्तों और बैठने की बेंचों की मरम्मत।
- पर्याप्त पेयजल व शौचालय की व्यवस्था।
- हरियाली बढ़ाने हेतु पौधारोपण और दुर्लभ प्रजातियों के पेड़ लगाना।
- आगंतुकों की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करना।
- योग, सैर और बच्चों के मनोरंजन के लिए खुले स्थान व उपकरणों का विकास।
- पार्क में रोशनी और फव्वारों को सुचारू रूप से चालू रखना।
समिति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि पार्क को पर्यटकों और नागरिकों के लिए आकर्षक व पर्यावरण अनुकूल स्वरूप में विकसित किया जाए और आवश्यक विभागों को शीघ्र निर्देश दिए जाएं।
