बीकानेर। शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक रतन बिहारी मंदिर और उद्यान अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। रतन बिहारी उद्यान पर्यावरण विकास समिति ने देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।
समिति ने बताया कि पार्क और मंदिर के आसपास लंबे समय से अतिक्रमणकारियों का कब्जा है। वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद यहां गाड़ियां खड़ी रहती हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
आरोप है कि देवस्थान विभाग के कुछ कर्मचारियों की शह पर यह अतिक्रमण पनप रहा है। यहां तक कि गेट की चाबियां तक अतिक्रमणकारियों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
समिति ने यह भी कहा कि करोड़ों रुपये के रखरखाव कार्य पूरातत्व विभाग द्वारा करवाए जा रहे हैं, लेकिन कई काम वर्क ऑर्डर से बाहर कराए जा रहे हैं।
समिति की प्रमुख मांगें:
- मंदिर परिसर में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना।
- पार्क की देखभाल के लिए स्थायी गार्ड, माली और केयर-टेकर की नियुक्ति।
- अतिक्रमण हटाकर श्रद्धालुओं व आमजन के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना।
