Yellow alert of cold wave in these 6 districts of Rajasthan

बीकानेर। राजस्थान के सभी जिलों में शीतलहर का प्रकोप है। इसके असर से हांड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर जारी है। तापमान में भी लगातार गिरावट हो रही है। प्रदेश में सुबह भी कई स्थानों पर बर्फ जमी रही, ऐसे में अब फसलों को भी नुकसान होने लगा है। बर्फीली हवा के साथ दिनभर शीतलहर का दौर चलने लगा है। ऐसे में लोग ठंड से बचने के लिए दिनभर ऊनी कपड़े पहने दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। वहीं राज्य में कुछ स्थानों पर शीत लहर/अतिशीत लहर दर्ज की गई। इसके अलावा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर सीकर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके अलावा राज्य में चल रहे शीतलहर व कहीं-कहीं अति शीतलहर का दौर आगामी दिनों में भी जारी रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज होने की संभावना है। इसके अलावा आगामी एक सप्ताह राज्य में मौसम मुख्यत: शुष्क बने रहने की प्रबल संभावना है। विभाग ने आज अलवर, भीलवाड़ा, झुंझुनू, चूरू, हनुमानगढ़ और नागौर में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सीकर जिले में अति शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।